Skip to main content

4thnation

नवरात्रि, पदयात्रा मार्ग में किया गया बदलाव, पावर हाऊस अंडरब्रिज से व्हाईशिप ब्रिज की ओर से गुजरेंगे पदयात्री

Alok 18 2

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। इस बार नवरात्रि पदयात्रा में हिस्सा लेने वाले यात्री पावर हाउस अंडर ब्रिज से गैराज रोड होकर 32 बंगला के सामने से व्हाईशिप ब्रिज की ओर से गुजरेंगे। नवरात्रि पदयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय कलेक्टर की उपस्थिति में आयोजित बैठक में लिया गया है। बैठक में कलेक्टर अंकित आनंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

PicsArt 01 31 10.32.26

बैठक में निर्णय लिया गया कि पदयात्रा सुचारू रूप से संपन्न हो सके, इसके लिए पावर हाऊस अंडर ब्रिज से व्हाईशेप ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग उचित होगा। कलेक्टर ने निगम कमिश्नर एवं अन्य अधिकारियों को मार्ग का निरीक्षण करने एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी देर शाम इस रूट का निरीक्षण करें एवं लाइटिंग सहित सभी आवश्यकताओं के संबंध में फीडबैक ले लें और इनका इंतजाम सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि रूट में जहां-जहां भी लाइट की जरूरत है उसकी पुख्ता व्यवस्था करा लें। उन्होंने कहा कि पदयात्री मार्ग साफ सुथरा होना चाहिए। पूरे रास्ते भर में आसपास कहीं भी गंदगी न रहे, इस बात को सुनिश्चित करा लें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने पदयात्रियों की सुरक्षा से संबंधित विशेष हिदायत अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि बीच-बीच में अस्थायी ब्रेकर बना दिये जाएं ताकि वाहनों की गति नियंत्रित रह सके। जहां जहां टेंट लगाए गए हैं वहां पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम की व्यवस्था भी हो, कुछ सूचनात्मक फ्लैक्स भी टेंट के भीतर लगाए जाएं ताकि यात्रियों को वांछित सूचनाएं मिल सके।
कलेक्टर ने पदयात्रा मार्ग में झाडिय़ों की छंटाई करा लेने के निर्देश भी निगम अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम है इसके लिए सभी जरूरी उपाय कर लिये जाएं। बैठक में सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। कलेक्टर ने कहा कि पदयात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न आए। बीच-बीच में वरिष्ठ अधिकारी इसकी मॉनिटरिंग करते रहें। यात्रा के संबंध में सौंपे गए सारे निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित करा लें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को बढ़ावा देने में पुरानी पदयात्रा के अनुभव काफी उपयोगी होते हैं। जो कमियां रह जाती हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्य करें। पदयात्रियों को यात्रा का अच्छा अनुभव हो इसके लिए उन्हें बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना अहम है। साथ ही स्वच्छता भी अहम है इस दिशा में विशेष ध्यान रखें।