Skip to main content

4thnation

RCB की जीत बदल गई मातम में: स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 की मौत, 50 घायल

बेंगलुरु, 4 जून 2025: आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खुशी का जश्न मंगलवार को मौत और भगदड़ में तब्दील हो गया। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह के दौरान भारी भीड़ के बीच मची अराजकता और भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए।

RCB ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद बेंगलुरु में जश्न मनाने के लिए एक ओपन बस परेड और स्टेडियम समारोह की योजना बनाई गई थी। लेकिन हालात बिगड़ने के कारण यह कार्यक्रम अकाल में समाप्त करना पड़ा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार ने स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस को संबोधित भी किया।

लेकिन स्टेडियम के बाहर जमा हुई विशाल भीड़ को सम्हालने में प्रशासन असफल रहा। लोगों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। कई लोग ज़मीन पर गिर पड़े और कुचले गए।

RCB के प्रवक्ता ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “फैंस ने इस कप के लिए 18 साल इंतज़ार किया है। हमें उनकी भावनात्मक स्थिति को समझना चाहिए।”

वहीं, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने घटना पर गहरा दुःख जताया और एक बयान में कहा, “यह एक दुखद घटना है। लोकप्रियता का यह नकारात्मक पक्ष है। आयोजकों को बेहतर योजना बनानी चाहिए थी। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम ज़रूरी हैं। कहीं न कहीं चूक हुई है।”

अब सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल और व्यवस्थाएं क्यों नहीं की गईं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।