Skip to main content

4thnation

पंचायत चुनाव हारे युवक ने की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी, मोहल्ले की महिलाओं ने की पिटाई

गरियाबंद ज़िले के इंदागांव थाना क्षेत्र के धुरुवागुड़ी गांव में पंचायत चुनाव हारने के बाद एक युवक की हरकतों से मोहल्ले की महिलाएं बिफर उठीं। ठेलू राम नामक युवक, जो खोखमा पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 से पंच पद का चुनाव हार गया था, हार के बाद से महिला प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहा था।

बताया गया कि ठेलू राम लगातार ओंकार पर्वते की मां, बहन और अन्य महिला समर्थकों पर तंज कस रहा था। इतना ही नहीं, वह सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक बातें लिखकर माहौल खराब कर रहा था।

सब्र का बांध टूटा, हुई सार्वजनिक पिटाई

सोमवार को जब ठेलू राम ने एक बार फिर एक महिला पर अशोभनीय टिप्पणी की, तो मोहल्ले की महिलाओं का सब्र जवाब दे गया। महिलाओं ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना, तो उसे पकड़कर सार्वजनिक रूप से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया

इंदागांव पुलिस को सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को महिलाओं से छुड़ाया। पुलिस ने ठेलू राम को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद माफीनामा लिखवाया। मामले को आपसी सहमति से सुलझा लिया गया, लेकिन पुलिस ने युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया। इंदागांव थाना प्रभारी जितेन्द्र विजयवार ने इस घटना की पुष्टि की है।