भेंट-मुलाकात : वैशाली नगर विधानसभा में योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखी सीएम बघेल ने

भिलाई (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज भिलाई की वैशाली नगर विधानसभा सभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से रूबरू चर्चा कर गौधन योजना, गोबर खरीदी, स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता, राशन कार्ड आदि योजनाओं की जानकारी ली। चर्चा के दौरान लोगों ने सभी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विधानसभाओं में आयोजित किए जाने वाले भेंट-मुलाकात कार्यक्रम का उद्देश्य ही सरकार द्वारा प्रारंभ की गई योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है कि नहीं यह परखना है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है अधिकांश विधानसभा के नागरिकों ने चर्चा के दौरान उन्हें योजनाओं का भरपूर लाभ मिलने की जानकारी दी है।

Picsart 23 04 08 17 01 03 069

वैशाली नगर विधानसभा सभा आगमन के पश्चात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरु नानक सरोवर स्थित मिलेट्स कैफे का किया लोकार्पण।इस अवसर पर वन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक देवेन्द्र यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा मिलेट्स कैफे खुलने के बाद अब यहां के लोगों की थाली में पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध होंगे, लोगों को स्वादिष्ट व्यंजन मिलने के साथ ही एक स्वस्थ छत्तीसगढ़ का सपना भी साकार हो सकेगा।

Picsart 23 04 08 17 05 57 106

वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख, समृद्धि की कामना के साथ नेहरु नगर स्थित भगवान राधा कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर में श्री बांके बिहारी समिति की तरफ से मुख्यमंत्री को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुर्सीपारा स्थित सिद्ध बाबा बालकनाथ जी मंदिर भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
भेंट-मुलाकात स्थल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत 04 मोबाइल मेडिकल यूनिट का उद्घाटन किया। मोबाइल मेडिकल यूनिट में 5 लैब टेस्ट और ऐड किए गए हैं जिनमें सिक्लिंग टेस्ट, विडाल टेस्ट, ब्लड ग्रुप टेस्ट, यूपीटी प्रेगनेंसी टेस्ट और मलेरिया टेस्ट शामिल हैं, इससे चिकित्सा के क्षेत्र में और विस्तार होगा।
जिसके पश्चात मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” से कार्यक्रम की शुरुआत कर लोगों से संवाद करना शुरू किया। राशन कार्ड को लेकर मुख्यमंत्री ने  लोगों की प्रतिक्रिया जानी उन्होंने कहा कि हमने आधार कार्ड से लिंक कर राशनकार्ड बनाया है, आज कोई भी व्यक्ति छुटा नहीं है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव,  पूर्व राज्य मंत्री बारुद्दीन कुरैशी, सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष राजेंद्र साहू, नगरपालिका निगम भिलाई के सभापति गिरवर बंटी साहू, अंत्यावसायी विकास निगम के उपाध्यक्ष नीता लोधी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Picsart 23 04 08 17 02 16 144

मुख्यमंत्री से बात करते हुए उषा सिन्हा ने बताया कि राशनकार्ड बन गया है, घर में मैं और मेरे पति रहते हैं, चावल, शक्कर, नमक नियमित रूप से मिलता है। बिंदा ने मुख्यमंत्री से ई-रिक्शा और राशन कार्ड की मांग की, इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया।

Picsart 23 04 08 17 04 42 867

स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा बारहवीं की छात्रा प्रज्ञा सिंह ने बताया कि स्वामी आत्मानंद  स्कूल में आधुनिक सुविधा से युक्त स्मार्ट क्लास, हाईटेक लैब, लाइब्रेरी है, स्कूल में हायर शिक्षा प्राप्त शिक्षक उपलब्ध हैं। फ्री ऑफ कॉस्ट में पढ़ाई होती है, यहां मध्यम वर्ग के बच्चे भी बिना किसी खर्च के पढ़ाई करते हैं, जिसके लिए प्रज्ञा ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री से बात करते हुए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ने वाली उज्ज्वला साहू ने स्कूल में इंग्लिश मीडियम में आर्ट्स की पढ़ाई शुरू करने की अपील की है, मुख्यमंत्री ने इस बात पर सहमति दी है।

Picsart 23 04 08 17 03 26 311

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में भाग लेने वाली रिजवाना ने मुख्यमंत्री से बात करते हुए बताया कि वह कबड्डी खेलती है, टीम के 12 सदस्यों को 2-2 हजार रुपये की राशि मिली। मुख्यमंत्री ने उनकी टीम को बधाई दी और कहा कि आगे इसके लिए 25 करोड़ का प्रावधान रखा है, 26 लाख लोगों ने इस बार भाग लिया है, आने वाले सत्र में तुरंत ईनाम की राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री से बात करते हुए महिला ने बताया कि उसके नाती के सिर पर पस जमा हो गया है, इलाज रायपुर में चल रहा है। मदद की मांग पर मुख्यमंत्री ने उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत आवेदन करने की बात कही ताकि तुरंत मदद हो सके।
मुख्यमंत्री बघेल द्वारा राजीव युवा मितान क्लब के गठन के बारे में पूछने पर क्लब के सदस्य ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सपना को साकार करने के उद्देश्य से क्लब का गठन किया गया है। दो ग्रुप हैं, जिसमे 20- 20 सदस्य हैं, हम तालाब की सफाई का कार्य  भी रहे हैं।
दिलीप कुमार भगत ने बताया कि उन्होंने बिना अनुमति के भवन बनवा लिया था, अब वर्तमान में नियमितीकरण करा लिया है, उन्होंने भवन नियमितीकरण के सरलीकरण के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
अनुसुइया मरकाम ने बताया कि झुग्गी झोपड़ी योजना अंतर्गत लाभ मिला है। पहले घर मिट्टी का था अभी पट्टा मिला है। राशन कार्ड, श्रम कार्ड भी मिला है। श्रम विभाग से सिलाई मशीन भी मिली है, सिलाई का कार्य भी उनके द्वारा किया जा रहा है।
समूह की महिला बिंदा यादव ने बताया कि उन्होंने 1.5 क्विंटल गोबर बेची हैं, जिससे उनको 60-65 हजार रुपए का लाभ प्राप्त हुआ है, इस पैसे से गाय खरीदी हैं, अभी सामान्य रिक्शे से गोबर बेचने जाते हैं।

Picsart 23 04 08 17 08 40 872

शहीद चुम्मन यादव की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैशाली नगर विधानसभा के छावनी के तिरंगा चौक में शहीद चुम्मन यादव के मूर्ति का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद चुम्मन यादव की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि शहीद चुम्मन यादव जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकी मुठभेड के दौरान 30 अगस्त 2014 को शहीद हुए थे। मूर्ति स्थापना के लिए यादव समाज द्वारा मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
महत्वपूर्ण घोषणाएं
वैशाली नगर विधानसभा के सभी वार्डो में 50 लाख रूपये तक के सीमेंटीकरण, पाथवे, पुलिया संधारण एवं अन्य निर्माण कार्य कराये जायेंगे। सड़को का मरम्मत एवं नवीनीकरण कराया जायेगा।
वार्ड 07 रानी अवंतीबाई सरोवर का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जायेगा।
नेहरू नगर एवं हाउसिंग बोर्ड में सीवरेज लाइन संधारण एवं नवीनीकरण कराया जायेगा।
हाउसिंग बोर्ड एवं अन्य कॉलोनी जो नगर निगम को हस्तांतरित हुई उनका आंतरिक विकास कार्य कराया जायेगा।
जवाहर नगर स्पोर्टस् कॉम्पलेक्स में बॉक्सिंग, टेबल टेनिस एवं वॉलीबॉल एकेडमी प्रारंभ की जायेगी।
संजय नगर तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जायेगा।
विभिन्न स्थानों पर डोम शेड निर्माण कार्य कराया जायेगा।
वैशाली नगर क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराया जायेगा।
राधिका नगर मैदान का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जायेगा।
शा. उ. मा. शाला केंप का स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में संचालन किया जायेगा।