निःशुल्क खाद्यान्न वितरण तीन माह से बढ़ाकर छह माह का किया जाए, खाद्य मंत्री भगत

Alok 18 2

रायपुर (छत्तीसगढ़)। केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में खाद्यान्न भण्डारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने छत्तीसगढ़ में खाद्यान्न का भण्डारण और वितरण सहित कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। भगत ने प्रदेश के उचित मूल्य की दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग, हाथ धुलाई और सेनेटराईज करने की समुचित व्यवस्था होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और प्रदेश में सभी लोगों को समुचित रूप से मूलभूत जरूरतों की सामग्रियां उपलब्ध करायी जा रही है।

PicsArt 04 04 06.30.09

इस मौके पर खाद्य मंत्री भगत ने केन्द्रीय मंत्री पासवान से छत्तीसगढ़ में संचालित राहत शिविरों के लिए 15 हजार मीट्रिक टन चावल एवं 5 हजार मीट्रिक टन दाल रियायती दर पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी राशनकार्डधारी 51 लाख 49 हजार 899 परिवारों को तीन माह तक निःशुल्क चावल देने का निर्णय लिया गया है। इसे बढ़ाकर छह माह तक निःशुल्क चावल देने का अनुरोध भी किया। जन-जीवन सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है। गरीबों को राहत देने के लिए छह माह तक निःशुल्क चावल दिया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अंत्योदय श्रेणी के राशनकार्डधारी परिवारों को शक्कर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने प्राथमिकता श्रेणी के राशनकार्डधारी परिवारों को भारत सरकार से शक्कर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।