गोदड़ीवाला धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संत परंपरा को नमन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर, 29 सितंबर 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार देर रात राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम पहुंचे। यहां उन्होंने संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में शामिल होकर संत परंपरा को नमन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा –
“यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे बाबा हरदास राम साहिब जी की बरसी महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। देशभर से आए संत-महात्माओं के दर्शन पाकर हृदय गदगद हो गया। मेरी प्रार्थना है कि संतों का आशीर्वाद सदा छत्तीसगढ़ पर बना रहे और हर घर में खुशहाली आए।”

Screenshot 2025 09 29 215158

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संत बाबा हरदास राम जी को मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनके चरण पड़ने से छत्तीसगढ़ की धरा पावन हुई है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि धाम परिसर में समय-समय पर आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर उनके आदर्शों का जीवंत उदाहरण हैं।

साय ने कहा –
“यह बरसी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव है।”

मुख्यमंत्री ने संत समाज से संवाद के दौरान छत्तीसगढ़ की राम वनगमन परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा –
“छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में से लगभग 10 वर्ष छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर व्यतीत किए। इसलिए प्रदेशवासी भगवान श्रीराम को आज भी अपना भांजा मानते हैं।”

मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं के लिए ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चला रही है। इसके अंतर्गत पिछले वर्ष 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए।

बरसी महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरन्दर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नन्द कुमार साहू, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल थौरानी, श्री ललित जयसिंह, श्री श्रीचंद सुंदरानी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम का वातावरण संतों की भक्ति, भजन और श्रद्धा से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आने से बरसी महोत्सव की गरिमा और भी बढ़ गई।

Screenshot 2025 09 29 215206