नगरीय निकायों में चला सामूहिक स्वच्छता अभियान : विधायक, महापौरों ने हाथ में थामी झाड़ू, नागरिकों ने ली शपथ

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। स्वच्छता ही सेवा अभियान और स्वच्छता श्रमदान अभियान के अवसर पर आज जिले के सभी नगरीय निकायों के सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें सफाई कर्मी के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपनी सहभागिता निभायी। दुर्ग में विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल तथा भिलाई में महापौर नीरज पाल ने झाड़ू लगा कर स्वच्छता का संदेश दिया।

नगरीय निकायों के वार्डों में सार्वजनिक स्थलों जैसे चौक-चौराहा, गलियां, धार्मिक स्थलों और कार्यालय की भी सफाई की गई। इसी तरह प्रमुख गांवों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों ने अपने शहर और गांव को स्वच्छ बनाये रखने की शपथ ली।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 01 अक्टूबर को स्वच्छता श्रमदान अभियान के अवसर पर समस्त नागरिकों को समय निकालकर श्रमदान के इस अभियान में सहयोग की अपील की थी। गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के हर गली मोहल्ले को सेवाग्राम बनाने में अपना योगदान देने हेतु प्रयास करने का आव्हान किया था।

Picsart 23 10 01 17 38 45 678

1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे, छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त शहरों में स्वच्छता के लिए एक घंटे के श्रमदान का आह्वान किया गया था। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ राज्य को लगातार स्वच्छतम राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जिससे स्वच्छता का छत्तीसगढ़ मॉडल सफल हो रहा है। एक अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को स्वच्छता श्रद्धांजली अर्पित किये हैं।

Picsart 23 10 01 17 39 44 910