रायपुर।
Raipur Press Club oath ceremony: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज शाम रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी सहित पूरी कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। यह देश के पुराने और प्रतिष्ठित प्रेस क्लबों में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी प्रेस क्लब की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी साहस के साथ गरीबों, वंचितों और आम नागरिकों की आवाज बनते हैं।
साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नक्सलवाद अंतिम चरण में, 31 मार्च 2026 तक होगा पूर्ण खात्मा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने ठोस रणनीति के साथ नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में सुरक्षा बलों के अदम्य साहस के चलते नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्ण खात्मा किया जाएगा, जो निश्चित रूप से शीघ्र साकार होगा।
महिला पत्रकारों की भूमिका समाज के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज बहन-बेटियाँ भी पत्रकारिता के क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ कार्य कर रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं, लेकिन सच्चाई के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अडिग रहती है।
पत्रकार हित में सरकार के ठोस निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सदैव चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और अधिकारों की पक्षधर रही है।
गत बजट में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पत्रकारों के विभिन्न समूहों को अध्ययन एवं भ्रमण के लिए देश के अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया, जिनमें महिला पत्रकार भी शामिल रहीं।
इन यात्राओं से लौटकर पत्रकारों द्वारा साझा किए गए अनुभव बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक रहे।
फेक न्यूज़ पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री श्री साय ने फेक न्यूज़ के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिस पर ठोस समाधान की आवश्यकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रकार समुदाय इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा रखी गई मांगों पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का संबोधन
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज के अभिन्न अंग हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दे शासन-प्रशासन को समाज की वास्तविक जरूरतों को समझने में मदद करते हैं।
उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के विकास के लिए सरकार की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई।
पुस्तक विमोचन और गणमान्य उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्री हिमांशु द्विवेदी और प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर श्री बसंत वीर उपाध्याय की पुस्तक “आईएएस की तैयारी और श्रीरामचरितमानस” का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, सलाहकार श्री कृष्णा दास सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
