छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास में तेजी, शिवराज सिंह चौहान ने की योजनाओं की समीक्षा

कृषि और ग्रामीण विकास में छत्तीसगढ़ बन रहा उदाहरण

Chhattisgarh agriculture rural development: केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सराहनीय एवं प्रभावी कार्य हो रहे हैं।

श्री चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमेशा से “धान का कटोरा” माना जाता रहा है, लेकिन अब फल और सब्जियों के उत्पादन में तेज वृद्धि राज्य में सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है। यह उपलब्धि किसानों की मेहनत और सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।


मंत्री ने मंत्रालय में योजनाओं की समीक्षा की

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने महानदी मंत्रालय भवन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने मीडिया को बताया कि पिछले डेढ़ वर्षों में पीएम आवास योजना के तहत 18,12,742 पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15 हजार और पीएम जनमन योजना के तहत 33 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

श्री चौहान ने कहा, “सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ में कोई गरीब परिवार बिना पक्के मकान के न रहे।”


ग्रामीण अधोसंरचना में तेजी

केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण अधोसंरचना पर जोर देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 47,847 किलोमीटर लंबी 10,199 सड़कों की स्वीकृति मिली है। इन पर हजारों करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया गया और अधिकांश सड़कों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत भी सड़कों और पुलों की स्वीकृति मिली है, जिससे दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।


मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना की

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से कृषि, आवास और ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *