धमतरी में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट का किया घेराव
Dhamtari Congress Collectorate Gherao: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मनरेगा का नाम बदलने और धान खरीदी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जनपद कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान नारेबाजी से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
मनरेगा नाम बदलने का कांग्रेस ने किया कड़ा विरोध
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी पहली और प्रमुख मांग मनरेगा बचाओ संग्राम से जुड़ी है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025 में शुरू की गई VB-GRAM G (विकसित भारत की राम जी ग्रामीण भारत) योजना के कारण ग्रामीण मजदूर भ्रम की स्थिति में हैं।
कांग्रेस का स्पष्ट कहना है कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीण मजदूरों की आजीविका से जुड़ा भरोसे का नाम है। इसलिए इसका नाम बदलने का फैसला तुरंत वापस लिया जाए और मनरेगा नाम बहाल किया जाए।
धान खरीदी नहीं होने से किसान बेहाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में धान खरीदी में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई किसानों की धान खरीदी अब तक नहीं हो पाई है, जिससे किसान परेशान होकर कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
हालांकि सरकार ने खरीदी की अवधि दो दिन बढ़ाई थी, लेकिन इसके बावजूद कई किसानों को राहत नहीं मिली। कांग्रेस ने मांग की कि जिन किसानों की धान खरीदी शेष है, उनकी तत्काल खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि वे अपनी मेहनत की फसल बेच सकें।
प्रदर्शन के दौरान बढ़ा तनाव, पुलिस बल तैनात
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने कई घंटों तक प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा बल बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कुछ समय के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमा-झटकी की स्थिति भी बनी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने अपनी दोनों मांगों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मनरेगा नाम बहाल नहीं किया गया और धान खरीदी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस प्रदर्शन में तारिणी चंद्राकर (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), अंबिका मरकाम (सिहावा विधायक), हिना ध्रुव (कांग्रेस महासचिव) और इंदिरा देवहारी (अपर कलेक्टर धमतरी) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
