गोमा (कांगो)।
Congo coltan mine landslide: पूर्वी कांगो से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक प्रमुख कोल्टन खनन क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में कम से कम 200 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा बुधवार को रुबाया (Rubaya) खदानों में हुआ, जो इस समय एम23 (M23) विद्रोही समूह के नियंत्रण में हैं।
स्थानीय विद्रोही प्रशासन के अनुसार, यह हादसा लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हुआ, जिससे खदानों के भीतर बनी कमजोर सुरंगें ढह गईं।
कीचड़ में दबे शव, रेस्क्यू अभी भी जारी
नॉर्थ किवु प्रांत के विद्रोही-नियुक्त गवर्नर के प्रवक्ता लुमुंबा कांबेरे मुयिसा ने बताया कि अब तक 200 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी कीचड़ में दबे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हादसे में घायल हुए कई लोगों को रुबाया कस्बे के तीन स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को गोमा शहर भेजने के लिए शनिवार को एंबुलेंस रवाना की गईं। गोमा, रुबाया से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है।
खनन पर अस्थायी रोक, लोगों को हटाने के आदेश
हादसे के बाद विद्रोही प्रशासन ने कारीगर खनन (Artisanal Mining) पर अस्थायी रोक लगा दी है। साथ ही खदान के आसपास झोपड़ियां बनाकर रह रहे लोगों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
“सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था” – पूर्व खनिक
रुबाया में पहले काम कर चुके एक खनिक क्लोविस माफारे ने बताया कि यहां भूस्खलन की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं।
उन्होंने कहा,
“यहां सुरंगें हाथ से खोदी जाती हैं, बिना किसी तकनीकी निगरानी और रखरखाव के। एक ही गड्ढे में 500 तक मजदूर काम करते हैं। सुरंगें समानांतर होती हैं, इसलिए एक जगह ढहने से कई खदानें एक साथ प्रभावित हो जाती हैं।”
सरकार ने विद्रोहियों पर लगाए गंभीर आरोप
कांगो सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
साथ ही सरकार ने एम23 विद्रोहियों पर अवैध और असुरक्षित तरीके से प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का आरोप लगाया है।
क्यों अहम है रुबाया की कोल्टन खदान?
रुबाया खदानें पूर्वी कांगो के उस इलाके में स्थित हैं, जो दशकों से हिंसा और सशस्त्र संघर्ष से जूझ रहा है।
कांगो दुनिया के सबसे बड़े कोल्टन उत्पादक देशों में शामिल है। कोल्टन से मिलने वाला धातु टैंटलम, स्मार्टफोन, कंप्यूटर और विमान इंजनों के निर्माण में बेहद अहम है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार,
- वर्ष 2023 में दुनिया के 40% कोल्टन उत्पादन में कांगो की हिस्सेदारी थी
- रुबाया की खदानों से दुनिया के करीब 15% टैंटलम की आपूर्ति होती है
एम23 का कब्जा और लाखों डॉलर की कमाई
मई 2024 में एम23 विद्रोहियों ने रुबाया कस्बे पर कब्जा कर लिया था।
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद से विद्रोही कोल्टन के व्यापार और परिवहन पर टैक्स लगाकर हर महीने करीब 8 लाख डॉलर की कमाई कर रहे हैं।
दशकों से जारी संकट, लाखों लोग बेघर
पूर्वी कांगो में हालात लंबे समय से अस्थिर हैं।
लगातार संघर्षों के कारण यहां 70 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं।
केवल दिसंबर के बाद से ही 3 लाख से ज्यादा लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
हालांकि अमेरिका की मध्यस्थता से कांगो और रवांडा के बीच समझौता हुआ है और विद्रोहियों से बातचीत जारी है, लेकिन जमीनी स्तर पर हिंसा अब भी थमी नहीं है।
