Skip to main content

4thnation

प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का 91 वर्ष की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

मिर्जापुर/वाराणसी।
प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और पद्म पुरस्कार से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र का 91 वर्ष की उम्र में गुरुवार सुबह 4:15 बजे मिर्जापुर में निधन हो गया। उनकी तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। कुछ दिन पहले उन्हें बीएचयू में भर्ती किया गया था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

उनकी बेटी नम्रता मिश्र ने पिता के निधन की जानकारी दी और बताया कि वे मिर्जापुर के घर पर ही थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Screenshot 2025 10 02 100418

अंतिम संस्कार की जानकारी

पंडित छन्नूलाल मिश्र का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह मिर्जापुर से वाराणसी लाया जाएगा। लोग दिन में उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे। उनका अंतिम संस्कार शाम 7 बजे वाराणसी में किया जाएगा।

स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

सितंबर महीने में पंडित मिश्र को सीने में संक्रमण और माइनर अटैक के चलते बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था। उनकी हीमोग्लोबिन कमी और त्वचा संबंधी समस्याओं का भी इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान डॉक्टरों की टीम ने उनका विशेष ध्यान रखा।

पीएम मोदी से रहा खास संबंध

पंडित छन्नूलाल मिश्र का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष कनेक्शन था। वर्ष 2014 में जब पीएम मोदी ने वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा, तब पंडित मिश्र उनके प्रस्तावक बने थे। उन्हें 2010 में यूपीए सरकार द्वारा पद्मभूषण से सम्मानित किया गया, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें यश भारती पुरस्कार से नवाजा था।

Screenshot 2025 10 02 100357

संगीत जगत में शोक की लहर

संगीत प्रेमियों और शास्त्रीय संगीत जगत में पंडित मिश्र के निधन की खबर से शोक की लहर फैल गई है। उनके योगदान को भारतीय शास्त्रीय संगीत में अमूल्य माना जाता है।