Skip to main content

4thnation

जामुल पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी का 5.50 लाख का जेवरात खुर्सीपार और दंतेवाड़ा से बरामद

दुर्ग। जिले की जामुल पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले का खुलासा कर लिया है। चोरी गए कुल कीमती 5,50,000 रुपये के जेवरात खुर्सीपार और दंतेवाड़ा से बरामद किए गए।

मामला गणेश नगर जामुल निवासी सुदर्शन कुमार कुर्रे का है। उन्होंने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 अगस्त 2025 को परिवार के साथ बलौदाबाजार गए थे। अगले दिन लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी से सोने-चांदी के लगभग 1.50 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

थाना जामुल पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर संदेही दीशु जगत (20 वर्ष) और उसकी मां अनुराधा जगत (42 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में दोनों पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन गहन पूछताछ पर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात का कुछ हिस्सा अपने पास रखा था, जबकि कुछ जेवर बेचकर iPhone खरीदा और बाकी जेवरात दंतेवाड़ा में गिरवी या बिक्री कर दिए थे। पुलिस ने विशेष टीम भेजकर वहां से भी जेवरात बरामद किए। कुल मिलाकर करीब 5.50 लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए।

आरोपियों को 05 सितम्बर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक राजेश मिश्रा के साथ सउनि महफूज खान, आरक्षक चेतमान गुरूंग, रत्नेश शुक्ला, तिरिथ बंजारे, रूपनारायण बाजपेयी और चंदन सिंह की विशेष भूमिका रही।

अपराध क्रमांक: 686/25
धारा: 331(4), 305, 3(5) बीएनएस
जप्त: सोने-चांदी के जेवरात कीमती 5,50,000 रुपये


सुदर्शन कुमार और उनका परिवार जब बलौदाबाजार से लौटा तो टूटा ताला और खाली अलमारी देखकर उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। परिवार की सालों की मेहनत की कमाई और भावनाओं से जुड़ा जेवर पलभर में गायब था। लेकिन जामुल पुलिस की तेज़ कार्रवाई और सजगता ने न केवल अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया, बल्कि परिवार की उम्मीदों को भी लौटाया।