Skip to main content

4thnation

Atmanand School Recruitment 2025: कोरबा के आत्मानंद विद्यालय पसान में 11 शिक्षकों की भर्ती, स्थानीय स्तर पर होगी नियुक्ति

कोरबा, अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को रोजगार और सरकारी अवसर उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में कोरबा जिले के पसान स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से 11 पद रिक्त हैं। इन पदों पर शीघ्र ही स्थानीय स्तर से योग्य अतिथि/मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए संबंधित प्राचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

छात्र-छात्राओं का विरोध बना कारण
कुछ दिन पहले विद्यालय में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने पर छात्र-छात्राओं ने पसान में चक्काजाम कर विरोध जताया था। इस घटना की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा को तत्काल मौके पर पहुँचकर समस्या का प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया।

भर्ती विवरण:
👉 संस्थान का नाम: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पसान (वि.खं. पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा)
👉 रिक्त पदों की संख्या: 11
👉 पद का प्रकार: अतिथि/मानदेय शिक्षक
👉 भर्ती प्रक्रिया: स्थानीय स्तर से योग्य उम्मीदवारों का चयन
👉 नियुक्ति प्राधिकारी: जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा एवं विद्यालय प्राचार्य

त्यागपत्र से खाली हुए पद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन रिक्त पदों पर दो वर्ष पहले जिला स्तर से संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। लेकिन, बेहतर अवसर मिलने पर अधिकांश शिक्षकों ने एक-एक कर त्यागपत्र दे दिया। इसके चलते विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो गई और छात्र-छात्राओं ने आवाज उठाई।

अब शिक्षा विभाग ने आश्वस्त किया है कि शीघ्र ही योग्य मानदेय शिक्षकों की भर्ती कर विद्यालय में पढ़ाई सुचारू रूप से प्रारंभ कराई जाएगी।