Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल विस्तार की उलटी गिनती शुरू, सीएम साय ने दिए संकेत, 21 अगस्त से पहले शपथ संभव

रायपुर, 16 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने को हैं। लंबे समय से चर्चा में रहे मंत्रिमंडल विस्तार पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ संकेत दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही विस्तार होगा और यह उनके विदेश दौरे (22 अगस्त) से पहले भी संभव है।

बीजेपी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद राजधानी से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि 21 अगस्त से पहले ही तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।

हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। नियम के अनुसार 90 विधायकों वाले राज्य में 14 मंत्री हो सकते हैं।

क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन पर फोकस
साय कैबिनेट में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व सरगुजा संभाग का है, जबकि रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग से केवल एक-एक मंत्री हैं। इसी आधार पर नए चेहरों के चयन की संभावना जताई जा रही है। रायपुर से राजेश मूणत और अजय चंद्राकर, दुर्ग से गजेंद्र यादव, बस्तर से किरण सिंहदेव और बिलासपुर से अमर अग्रवाल का नाम चर्चा में है।

संभावित चेहरे:

  • अमर अग्रवाल – बिलासपुर संभाग
  • गजेंद्र यादव – दुर्ग संभाग
  • राजेश मूणत / अजय चंद्राकर – रायपुर संभाग
  • किरण सिंहदेव – बस्तर संभाग

वर्तमान में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा सांसद बनने के बाद मंत्रिमंडल में एक पद रिक्त है। इस रिक्ति को भरने के साथ ही नए चेहरों को भी शामिल किया जाएगा।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह विस्तार न सिर्फ प्रशासनिक मजबूती देगा, बल्कि संगठनात्मक और सामाजिक संतुलन को भी साधेगा।