Skip to main content

4thnation

ऑपरेशन विश्वास के तहत छात्राओं को साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्टिंग से किया गया जागरूक

दुर्ग, 27 जून 2025। दुर्ग जिले में ऑपरेशन विश्वास अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं पूर्व माध्यमिक शाला बघेरा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्टिंग, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया उपयोग, और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल युग की चुनौतियों से सुरक्षित रखना और उन्हें कानूनी व मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

एएसपी पद्मश्री तंवर ने दी जरूरी जानकारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आई.यू.सी.ए.डब्ल्यू) पद्मश्री तंवर ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों को महिला संबंधी अपराध, पॉक्सो एक्ट, सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियों, नशे के दुष्परिणाम, और नशामुक्ति के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1930 और 9479192099 के प्रयोग और निजी जानकारी सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया।

जीवन में चुनौतियों से न डरें: डीएसपी ममता अली शर्मा

उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता अली शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली समस्याओं को माता-पिता और शिक्षकों से साझा करें और कभी भी हार न मानें। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने और मानसिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया।

अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी

सहायक उप निरीक्षक संगीता मिश्रा ने ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की जानकारी दी और शिक्षकों व नागरिकों को ऐप डाउनलोड करने हेतु प्रेरित किया, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिकायतों का ऑनलाइन समाधान हो सके।

सामुदायिक सहभागिता से कार्यक्रम रहा सफल

इस कार्यक्रम में शाला समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघेरा से डॉ. यामिनी और महिला रक्षा टीम की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल भविष्य के लिए सजग रहने का संदेश दिया।