Skip to main content

4thnation

रानी अहिल्याबाई होलकर जयंती पर भाजपा द्वारा चित्र प्रदर्शनी का आयोजन, जनमानस को किया गया सुशासन से अवगत

दुर्ग, 23 मई 2025। रानी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग शहर के राजेन्द्र पार्क में रानी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उनके सुशासन, सामाजिक कार्यों एवं जनकल्याण के प्रयासों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर एवं भारत माता व रानी अहिल्याबाई के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, तेलघानी निगम अध्यक्ष जितेंद्र साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा, “रानी अहिल्याबाई का जीवन मानव कल्याण को समर्पित था। उन्होंने जिस न्यायप्रिय शासन का संचालन किया, वह आज भी अनुकरणीय है। प्रधानमंत्री मोदी भी उनके पदचिह्नों पर चलते हुए सुशासन का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।”

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा, “अहिल्याबाई ने महिला सशक्तिकरण, विधवा अधिकार और समाज सुधार के कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका जीवन एक उदाहरण है कि सच्चा नेतृत्व क्या होता है।”

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य है आने वाली पीढ़ियों को ऐसे प्रेरणास्रोतों से अवगत कराना, जिन्हें इतिहास में जानबूझकर भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि 18वीं शताब्दी में जो कार्य रानी अहिल्याबाई ने किए, उन्हीं आदर्शों पर आज मोदी सरकार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र सैंडे ने किया जबकि आभार प्रदर्शन दिव्या कलिहारी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक दिलीप साहू ने आयोजन की सफलता पर सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, महिला मोर्चा, आईटी सेल, सोशल मीडिया टीम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। चित्र प्रदर्शनी ने रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।