Skip to main content

4thnation

मध्यप्रदेश को नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मिला, संजीव कुमार झा को मिली जिम्मेदारी

भोपाल, 16 मई 2025:
मध्यप्रदेश को नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) मिल गया है। 1996 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव कुमार झा को इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य शासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए झा की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है।

संजीव कुमार झा वर्तमान में राजस्व मंडल (रेवेन्यू बोर्ड) में सदस्य के रूप में कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति के साथ ही वर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह की प्रशासन में वापसी भी लगभग तय हो गई है। सुखवीर सिंह 1997 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने अगस्त 2024 में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वे करीब साढ़े आठ महीनों तक इस पद पर रहे।

सूत्रों के अनुसार, सुखवीर सिंह की पदस्थापना के कुछ समय बाद ही राज्य शासन ने निर्वाचन आयोग को पदस्थापन में बदलाव का प्रस्ताव भेजा था। अब उस प्रस्ताव को आयोग की सहमति मिलने के बाद संजीव कुमार झा की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई है।

गौरतलब है कि संजीव कुमार झा को भी अगस्त 2024 में ही रेवेन्यू बोर्ड में भेजा गया था, और अब एक बार फिर उन्हें एक अहम प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए यह नियुक्ति रणनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।