Skip to main content

4thnation

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आईआईएम रायपुर के पब्लिक लीडरशिप प्रोग्राम में शामिल होने का आमंत्रण

रायपुर, 20 मार्च 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रायपुर द्वारा 22 और 23 मार्च 2025 को आयोजित दो दिवसीय पब्लिक लीडरशिप प्रोग्राम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। आईआईएम रायपुर के निदेशक श्री रामकुमार काकानी ने आज मुख्यमंत्री से भेंट कर यह आमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रोफेसर संजीव पाराशर भी उपस्थित थे।

नीति निर्माण और नेतृत्व पर केंद्रित होगा कार्यक्रम

आईआईएम रायपुर के निदेशक श्री काकानी ने बताया कि यह विशेष कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के विधायकों के लिए तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रबंधन और नीति निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में देशभर के प्रख्यात नीति निर्माता, शिक्षाविद और विचारक एकत्र होंगे और समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए विचार-विमर्श करेंगे।

नेतृत्व कौशल को नए आयाम देने की पहल

श्री काकानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति और उनके अनुभवजन्य विचार कार्यक्रम में भाग लेने वाले नेताओं के लिए प्रेरणादायक होंगे। यह कार्यक्रम विधायकों को प्रभावी नेतृत्व कौशल विकसित करने और नीति निर्माण में नए दृष्टिकोण अपनाने में सहायता करेगा।

इस पहल से छत्तीसगढ़ में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने और जनहितैषी नीतियों के निर्माण में सहयोग मिलेगा। आईआईएम रायपुर का यह प्रयास राज्य के राजनीतिक नेतृत्व को आधुनिक प्रबंधन और रणनीतिक सोच से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।