Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ में रबी फसलों की बोनी तेज, 65% लक्ष्य पूरा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में रबी फसलों की बोनी का कार्य तेजी से जारी है। अब तक 12 लाख 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में चना, गेहूं, मटर, अलसी, सरसों, मक्का और रागी जैसी विभिन्न फसलों की बुवाई की जा चुकी है। यह इस वर्ष बोनी के लिए निर्धारित 19 लाख 25 हजार हेक्टेयर रकबे का 65 प्रतिशत है।

पिछले वर्ष रबी सीजन में 18 लाख 61 हजार हेक्टेयर भूमि पर फसलों की बोनी की गई थी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बार 2.89 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1.57 लाख क्विंटल बीज का भंडारण और 1.26 लाख क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है, जो कुल भंडारण का 80 प्रतिशत है।

उर्वरकों की बात करें तो इस वर्ष 4.65 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य है। इसमें से 4.58 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है, जबकि 1.39 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण हो चुका है, जो कुल भंडारण का 30 प्रतिशत है।

राज्य में रबी फसलों की बोनी और कृषि उत्पादकता में वृद्धि के लिए किसान उत्साहपूर्वक प्रयास कर रहे हैं।