Skip to main content

4thnation

अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे नगरीय निकायों के कर्मचारी और स्वच्छता कर्मचारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के कर्मचारी, स्वच्छता कर्मचारी, कमांडो और प्लेसमेंट कर्मचारी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट आए हैं। यह निर्णय उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात के बाद लिया गया।

उप मुख्यमंत्री के रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ और छत्तीसगढ़ स्वच्छता दीदी महिला/पुरुष महासंघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान साव ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री ने उन्हें समझाया कि हड़ताल या आंदोलन किसी भी समस्या को हल करने का एकमात्र विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा, “हड़ताल से शहरों की महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित होती हैं। सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति सजग और गंभीर है। समस्याओं को अन्य माध्यमों से भी रखा जा सकता है।

साव के आश्वासन के बाद दोनों संघों ने तत्काल हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। इसके बाद सभी कर्मचारी अपने काम पर लौट आए और नगरीय सेवाएं फिर से सुचारू हो गईं।

प्रतिनिधियों ने सरकार के प्रति विश्वास व्यक्त किया और कहा कि वे अपनी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद रखते हैं।