Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ में ईडी का बड़ा ऐक्शन: महादेव ऐप केस में 388 करोड़ की संपत्ति कुर्क

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक्शन मोड में है। रायपुर जोनल कार्यालय ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप केस में बड़ा कदम उठाते हुए 388 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है। ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है।

ईडी के अनुसार, यह संपत्तियां ऐप और वेबसाइट के प्रमोटरों, ऑपरेटरों और उनके सहयोगियों के नाम पर दर्ज थीं। कुर्क की गई संपत्तियां चल और अचल दोनों प्रकार की हैं, जो छत्तीसगढ़, मुंबई, मध्य प्रदेश और मॉरिशस में स्थित हैं।

ईडी ने जानकारी दी कि मॉरिशस स्थित कंपनी तानों इन्वेस्टमेंट ऑपर्चुनिटीज फंड के माध्यम से हरिशंकर टिबरेवाल ने एफपीआई और एफडीआई में निवेश किया था। ये सभी संपत्तियां महादेव ऐप के प्रमोटरों और उनके सहयोगियों से जुड़ी हैं।

महादेव ऑनलाइन बुक ऐप पर सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं। ईडी इस मामले में पहले भी कई जगहों पर छापेमारी कर चुकी है। हालिया कार्रवाई में कुर्क की गई संपत्तियों का दायरा तीन राज्यों और विदेश तक फैला है।