Skip to main content

4thnation

भिलाई: खुर्सीपार थाना क्षेत्र में युवक ने सास-ससुर पर किया हमला, ससुर की हालत गंभीर

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ-साथ अपने सास और ससुर पर हमला कर दिया। इस हमले में ससुर की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। आरोपी युवक ने अपने ससुर के गले पर ब्लेड से वार किया, जिससे उन्हें गहरा जख्म हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजू पादव के पति वीरेंद्र (30) ने अपने ससुर मुरली यादव (50) पर धारदार हथियार से हमला किया और घटना के बाद फरार हो गया। अंजू यादव ने बताया कि उसकी और वीरेंद्र की शादी सात साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही वीरेंद्र अक्सर शराब पीने के लिए पैसे मांगता था, जिससे दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। कुछ दिन पहले अंजू अपने बच्चों के साथ मायके न्यू खुर्सीपार आ गई थी।

सोमवार की सुबह वीरेंद्र अचानक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। इस बात पर पत्नी से विवाद बढ़ने लगा। विवाद बढ़ता देख अंजू की मां बीच बचाव करने आईं, तभी वीरेंद्र ने अपनी सास पर भी हमला कर दिया और उसके बाद न्यू खुर्सीपार में अपने मामा ससुर के घर चला गया।

इस बीच, मुरली यादव जब अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी का हाथ लहूलुहान है। जब उन्होंने अपनी बेटी अंजू से पूछा, तो उसने बताया कि उसके पति वीरेंद्र ने यह सब किया है। आक्रोश में मुरली यादव अपने दामाद के पास पहुंचे और उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया। दोनों के बीच बहस होने लगी, जिसमें वीरेंद्र ने अपनी जेब से ब्लेड निकालकर अपने ससुर पर वार कर दिया।

मुरली यादव को गहरे जख्म आने के कारण तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया। अंजू और उसकी मां ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना के बाद से आरोपी वीरेंद्र फरार है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।