Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ में शुरू से ही महिलाओं को बराबरी का स्थान मिला है, पुरुष और महिलाओं के सहकार से यहां होता है काम : सीएम बघेल

भिलाई (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में शुरू से ही महिलाओं को बराबरी का स्थान मिला है, पुरुष और महिलाओं के सहकार से यहां काम होता है। छत्तीसगढ़ में परिवार और समाज में महिलाओं का स्थान ऊंचा रहा है। लैंगिक अनुपात में भी छत्तीसगढ़ आगे है। छत्तीसगढ़ में महिलाएं सबसे आगे हैं। चाहे घर का काम हो या ऑफिस का सभी जगह महिलाएं आगे आकर काम कर रही हैं। शुरू से ही छत्तीसगढ़ में महिलाओं को हमेशा बराबरी का स्थान मिला है। महिलाएं नौकरी भी कर रही हैं और घर के काम भी।

उन्होंने कहा भिलाई की पहचान स्टील प्लांट से हैं, इसे नेहरू जी ने बसाया था। मातृशक्ति को हाथ जोड़कर नमन करता हूं। प्रणाम करता हूं। राहुल गांधी हमेशा कहते हैं कि हर व्यक्ति को लगना चाहिए कि उनकी सरकार है। कोरोना काल में भी हमने प्रयास किया कि कैसे लोगों को आर्थिक मंदी से बचाएं। छत्तीसगढ़ सरकार ने आर्थिक रूप से किसानों को मजबूत करने का काम किया। अभी प्रियंका जी ने स्टाल में देखा कि किस तरह से काम छत्तीसगढ़ में हो रहा है। बीपीओ खोले हैं। गारमेंट फैक्ट्री खोले हैं। कैसे आर्थिक संपन्नता आये, इस बात का प्रयास हम करते हैं।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा राशन कार्ड हमने दिया। हाफ बिजली बिल आया। पहले भिलाई में नहीं मिल रहा था अब यहां भी मिल रहा है। आज हमारे छत्तीसगढ़ की बहुत सारी मितानिन बैठी हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बैठी हैं। पांच साल में मानदेय पांच हजार से बढ़ाकर दस हजार कर दिया। आज हमारी मितानिन बहन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आये हैं। वे बहुत खुश हैं। ओल्ड पेंशन स्कीम हमने लागू किया। डीए हमने बढ़ाया।

स्वसहायता समूहों का कर्ज हमने माफ किया। बहनों को सशक्त करने हम लोगों ने महिला समूहों के कर्ज राशि की सीमा बढ़ा दी। हम तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण दे रहे हैं। वे सक्षम बनें और स्वावलंबी बने, इसके लिए हम कार्य कर रहे हैं। कन्या विवाह की राशि बढ़ा दी है। जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका सेवा से पृथक होंगी तो उन्हें सहायता राशि दी जाएगी।

हमने हरेली की छुट्टी दी, तीजा की छुट्टी दी। हमने मुख्यमंत्री निवास में तीजा मनाया। मुझे लगता है कि आपमें से बहुत से लोग अभी मायके से लौटी होंगी। बोरे बासी को सम्मान देने का जो काम किया, वो हमने किया। हमारे खानपान की परंपराओं का सम्मान किया। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति कलेक्ट्रेट में लगाई। राजगीत को अपनाया।

उप-मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि इसमें संदेह नहीं कि विश्व के हर मानव में महिला का कण है। मानव समाज इसी पर टिका है। समाज में महिला और पुरुष को बराबरी का स्थान देने से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में महिलाओं को स्थान मिल रहा है। स्व-सहायता समूह के जरिए महिलाओ को रोजगार, स्व-रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा रहा है। स्वागत भाषण महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिया ने दिया इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत सहित छत्तीसगढ़ सरकार के सभी मंत्री मौजूद थे।

जब मुख्यमंत्री की भंवरा खेलने वाली बात सुनकर मुस्कराई प्रियंका
अपने संबोधन के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब प्रियंका दीदी ने भंवरा खेला तो मुझे लगा वे ठीक तरह से नहीं चला पाएंगी लेकिन उन्होंने बहुत बढ़िया तरीके से भंवरा चलाया, मैं खुद हैरान रह गया। इस बात को सुनकर श्रीमती प्रियंका गांधी ने भी मुस्कुराकर अपनी प्रतिक्रिया दी।