Skip to main content

4thnation

फसल बीमा की मुआवजा राशि न मिलने से नाराज ग्राम भैसा के किसानों ने घेरा बेमेतरा कलेक्टोरेट

बेमेतरा (छत्तीसगढ़) अजीत राजपूत। पिछले वर्ष प्राकृतिक कारणों से खराब हुई फसल की क्षतिपूर्ति नहीं मिलने पर किसानों ने नाराजगी जाहिर की है। किसानों का आरोप है कि फसल बीमा कराए जाने के बावजूद प्रशासन ने अब तक मुआवजा का भुगतान नहीं किया है। यह आरोप लगाते हुए ग्राम भैंसा के किसानों ने आज बेमेतरा कलेक्टोरेट का घेराव कर ज्ञापन सौंपा है।

सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने बताया है कि उन्होंने वर्ष 2022-23 में रबी फसल सीजन के दौरान चना के बीज डाले थे। फसल भी बहुत अच्छी हुई थी। किंतु अत्यधिक बरसात और  ओलावृष्टि के कारण फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। किसानों ने फसल का बीमा भी कराया था। इसके बावजूद उन्हें अब तक फसल को क्षति का मुआवजा प्रशासन द्वारा प्रदान नहीं किया गया है।

किसानों का कहना है कि अन्य ग्रामों के किसानों को इस प्रकार की फसल बीमा मिल चुकी है मगर हमारे ग्राम भैसा के किसानों को अभी तक किसी प्रकार की चना फसल की बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। मुआवजा की मांग को लेकर ग्राम पंचायत भैसा के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंप और उन्होंने जल्द से जल्द फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।