इस्पात कंपनी के अधिकारी ने खुद को मारी गोली, मौत, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर (छत्तीसगढ़)। खमतराई इलाके में एक शख्स ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मरने वाला व्यक्ति एक इस्पात कंपनी में अधिकारी था। घटनास्थल से पुलिस को किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। खमतराई थाने की पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि कर्ज और लेन देन को लेकर उसने इस घटना को अंजाम दिया है।

घटना भनपुरी से लगे धन लक्ष्मी नगर इलाके की है। आलोक सिंह (45 वर्ष) यहां अपनी पत्नी और 3 बच्चों के साथ रह रहा था। उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला आलोक सिंह निको इस्पात नाम की कंपनी में मैनेजनमेंट का अधिकारी था। 2 दिन पहले ही संस्थान से इस्तीफा दिए जाने की जानकारी मिली है। जिसके बाद आज उसने खुदकुशी कर ली।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार दोपहर 12:00 बजे के आसपास हुई। तब आलोक का एक बेटा और दो बेटियां स्कूल गए हुए थे। घर पर सिर्फ पत्नी थी। तभी अचानक बेडरूम से फायर की आवाज आई। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी जब बेडरूम की ओर भागी तो देखा कि पति का शव खून से सना जमीन पर पड़ा हुआ है। इसके बाद पड़ोसियों को जानकारी दी और मामला पुलिस के पास पहुंचा।

Picsart 23 07 15 19 21 03 395

मामले की छानबीन कर रहे खमतराई थाने के प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि अब तक खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है। उत्तर प्रदेश में रहने वाले आलोक के परिजनों को भी खबर दी गई है। पत्नी इस घटना के बाद से सदमे में है, वह बार-बार बेहोश हो रही है। पत्नी से पूछताछ के बाद ही आगे इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। आलोक के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों से इस मामले में पुलिस पूछताछ करेगी।

आलोक सिंह ने उत्तर प्रदेश से ही पिस्टल का लाइसेंस लिया था, जिसे बाद में छत्तीसगढ़ आकर उसने ट्रांसफर कराया था। पिछले 3-4 सालों से रायपुर में ही रहते हुए आलोक कामकाज कर रहा था। जिस पिस्टल को उसने खुद की रक्षा के लिए पास रखा था, उसी बंदूक से खुदकुशी कर ली।