Skip to main content

4thnation

बेमेतरा में एक ही परिवार के चार लोगों ने खाया जहर, बहु के गर्भपात पर ससुर ने दी थी धमकी

बेमेतरा (छत्तीसगढ़)। जिले में एक ही परिवार के चार लोगों ने जहरीला कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। पूरा मामला जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र का है। मिली  जानकारी के मुताबिक चिचोली गांव की एक युवती का भाटापारा के युवक के साथ विवाह हुआ है। गर्भवती होने के बाद युवती प्रसव के लिए चिचोली गांव आई हुई थी। लेकिन, उसका गर्भपात हो गया। इसी बीच युवती के ससुर का फोन आया। ससुर ने युतवी के मामा से प्रसव की तारीख पूछा। तब मामा ने बताया कि युवती का गर्भपात हो गया है।

इस पर ससुर नाराज हो गया है और जबरन गर्भपात का आरोप लगाते हुए युवती के घर वालों के खिलाफ थाने में शिकायत करने की धमकी दी। धमकी से युवती के मायके वाले डर गए और युवती, उसकी मां, मामा, भाई ने जहरीला कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। 

घटना के बाद दो महिला और दो पुरुषों की हालत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने इस घटना के बारे में सरपंच को जानकारी दी। सरपंच ने नांदघाट थाना में जानकारी दी। आनन- फानन में पड़ोसियों ने चारों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बलौदाबाजार रेफर कर दिया गया है। वर्तमान में सभी का उपचार चल रहा है।