कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के साथ धोखा किया, यहां की सरकार कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल : पीएम मोदी

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। यहां पर कोयला माफिया, रेत माफिया, भूमि माफिया… न जाने कैसे-कैसे माफिया फल-फूल रहे हैं। सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के साथ धोखा किया। कांग्रेस को भ्रष्ट कहने पर बुरा-भला कहा जाता है। आज एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि इस बार कांग्रेस की सरकार बदली जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को रायपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने आगे कहा कि, जब मैं कहता हूं कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की कमीशनखोरी की गारंटी है तो कुछ लोग नाराज हो जाते हैं। वे मोदी को भला बुरा कहने लगते हैं। इनकी नाराजगी ही प्रमाण है कि हमारी सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। इसलिए जिनके दामन पर दागदार हैं, वो आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। उनको लगता है कि ऐसा करना से वे मोदी को डरा लेंगे।

Picsart 23 07 07 17 17 51 121

प्रधानमंत्री के रायपुर आगमन पर एयरपोर्ट पर उनकी अगुवाई छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने की। साइंस कॉलेज मैदान में पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के देवी-देवताओं को याद करते हुए सभा में आए सभी लोगों का जय जोहार से अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने सभा में आ रहे तीन कार्यकर्ताओं की सड़क हादसे में मौत पर श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने जनसभा को 30 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में एक ही चर्चा है, ‘बदलबो-बदलबो ए दारी सरकार बदलबो’।  यहां के लोगों को भाजपा ही समझती है। 

पीएम मोदी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है। उन्होंने कहा कि, ये लोग आपका हक छीन रहे हैं। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो किए थे। उनमें से एक राज्य में शराब बंदी लागू करने का था, लेकिन अब पांच साल होने को हैं, और सच्चाई ये है कि कांग्रेस ने यहां पर हजारों करोड़ों रुपये का शराब घोटाला जरूर कर दिया है।

Picsart 23 07 07 17 17 24 414

विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी एकता पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि जो डर जाए वो मोदी नहीं हो सकता। मोदी किसी हाल में पीछे नहीं हटेगा। जिनके दामन में दाग है वो साथ आ रहे हैं। वो मेरी कब्र खोदने की धमकी देते हैं। गरीब का बेटा किसी हाल में पीछे नहीं हटेगा। जिसने गलत किया वह बचेगा नहीं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में छत्तीसगढ़ के हजारों आदिवासी गांवों में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कें पहुंची हैं। भारत सरकार ने यहां करीब साढ़े तीन हजार किमी लंबी नेशनल हाईवे की परियोजनाएं स्वीकृत की है। इसमें करीब तीन हजार किमी की परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 10:45 बजे रायपुर पहुंचे। इसके बाद एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुंचे और वहां पहले रेल और सड़क से जुड़ी पांच केंद्रीय परियोजनाओं को लॉन्च किया। इस दौरान करीब 7500 करोड़ की सौगात प्रदेश की जनता को दी गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि, भारत सरकार के इन प्रोजेक्ट्स से यहां रोजगार के अनेकों नए अवसर भी बनेंगे। यहां के धान किसानों, खनिज संपदा से जुड़े उद्यमियों और टूरिज्म को भी इन प्रोजेक्ट्स से बहुत लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इनसे आदिवासी क्षेत्रों में सुविधा और विकास की नई यात्रा शुरू होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का एक और बहुत बड़ा लाभ है, जिस पर उतनी चर्चा नहीं होती। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का संबंध सामाजिक न्याय से भी है। जो सदियों तक अन्याय और असुविधा झेलते रहे उन तक भारत सरकार आज ये आधुनिक सुविधाएं पहुंचा रही है। नौ वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के 20% से अधिक गांवों में किसी तरह की मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी, आज ये घटकर लगभग 6% रह गई है। इनमें से अधिकतर जनजातीय और नक्सल हिंसा से प्रभावित गांव हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज 2-2 इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ रहा है। रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर इस क्षेत्र का भाग्य बदलने वाले हैं। रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से रायपुर और विशाखापट्टनम की दूरी आधी हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर अंतागढ़ रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन रवाना की। बस्तर के इस इलाके को इसके साथ ही पहली ट्रेन मिली। ये प्रदेश के दूसरे हिस्सों से अब अंतागढ़ को जोड़ेगी।