Skip to main content

4thnation

भेंट-मुलाकात : बिलासपुर को मल्टीलेवल कार पार्किंग, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सहित सीएम बघेल ने दी अनेक सौगातें

बिलासपुर, (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बिलासपुर विधानसभा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में लगभग 25 हजार वर्गफीट में निर्मित मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण कर शहरवासियों को सौगात दी। मल्टीलेवल कार पार्किंग से अब ट्रैफिक की समस्या से निजात मिलेगी। इस अवसर पर लगभग 474 करोड़ रूपए की राशि के विभिन्न विकास कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।

Picsart 23 05 13 22 01 32 296

बता दें 16 करोड़ 88 लाख रूपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल कार पार्किंग में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो फ्लोर और बनाया गया है, जिसमें 257 कार और 333 बाइक पार्किंग की क्षमता है। इस बिल्डिंग में सीढ़ियों के अलावा दो लिफ्ट भी लगाया गया है तथा आपातकाल के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम भी है। शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाके नेहरू चौक-कलेक्टोरेट और उसके आसपास पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या हमेशा से बनी रहती है। सभी शासकीय कार्यालय, न्यायालय इसी क्षेत्र में है इसलिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं, बड़ी संख्या में भीड़ आने के कारण इस जगह पार्किंग एक बड़ी समस्या थी, लोगों को पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या से जुझना पड़ता था, जिससे अब निजात मिलेगी।

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर शहर के लोगों को तारबहार में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सेंटर में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के कंट्रोल सिस्टम का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर ट्रैफिक पुलिस को प्रतीक स्वरूप 5e चालान मशीन भी भेंट किया।

कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बिलासपुर स्मार्ट लिमिटेड द्वारा आईटीएमएस प्रोजेक्ट के तहत 73 करोड़ 41 लाख की लागत से तैयार किया गया है, जिसमें शहरी यातायात का व्यवस्थित संचालन किया जाएगा। 523 आधुनिक कैमरों के जरिए और शहर की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी होगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के घर सीधे चालान पहुंच जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा दृष्टिकोण से नियंत्रण केंद्र के जरिए निगरानी रखी जायेगी।

योजना के तहत शहर में 43 स्थानों में 523 कैमरे के ज़रिए शहर की ट्रैफिक और अन्य चीजों की निगरानी रखी जाएगी, जिसमें 208 सर्विलांस कैमरा, 212 आटोमेटिक नंबर प्लेट रीड(एनपीआर) विशेष कैमरे और 108 एविडेंस कैमरा लगाया गया है। 22 चौक चौराहों के अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं। योजना के तहत 22 चौक चौराहों पर विशेष ट्रैफिक सिग्नल और पब्लिक एड्रेस सिस्टम (साउंड) भी लगाया गया है। इसके साथ ही शहर के दस प्रमुख स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत ही स्मार्ट एलईडी बोर्ड भी लगाया गया है।
इस योजना के अमल में आने से कोई भी ट्रैफिक नियम तोड़ नहीं पाएगा और अगर कोई ट्रैफिक नियमों को तोड़ता है तो कैमरे के ज़रिए ट्रैस करके ई- चालान ऑटोमेटिक उसके पास पहुंच जाएगा। इसके साथ ही रांग साइड या नो पार्किंग में खड़े वाहनों को भी अलर्ट मैसेज भेजने के साथ ही चालान की कार्रवाई की जा सकेगी।

इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह योजना काफी महत्वपूर्ण है, शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे कैमरे से निगरानी की जा सकेगी। आपदा के समय भी इस सिस्टम के ज़रिए बेहतर काम किया जा सकेगा। किसी भी आपातकाल के लिए इस सिस्टम के ज़रिए व्यवस्था बनाई जा सकेगी। आईटीएमएस प्रोजेक्ट के तहत शहर भर में लगने वाले विशेष कैमरों के ज़रिए ट्रैफिक सिस्टम तथा अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी और नियंत्रण के लिए तारबाहर थाना परिसर में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। यहां से पूरे शहर की निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा आईटीएमएस प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट सिटी कार्यालय के द्वितीय फ्लोर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का अंतरिम सेंटर तैयार किया गया है।

तारबाहर थाना परिसर में लगभग 40 हजार वर्गफीट जगह में बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम में ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन और फ्लोर बनाया गया है, जिसमें से ग्राउंड से सेकेंड फ्लोर तक कमांड एंड कंट्रोल रूम संचालित होगा। तीसरे फ्लोर में पुलिस विभाग के साईबर सेल का कार्यालय संचालित किया जाएगा। कमांड एंड कंट्रोल रूम में डिस्प्ले रूम, सर्वर रूम, बैकअप रूम, मीटिंग हाल, कांफ्रेंस हाल तथा टेक्निकल रूम, इसके अलावा ट्रेनिंग रूम भी तैयार किया गया है।