Skip to main content

4thnation

इमरान खान गिरफ्तार : कोर्ट नाराज, कहा होम सेक्रेटरी, पुलिस चीफ कोर्ट में आकर बताए किस मामले में हुई गिरफ्तारी

नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी पाकिस्तानी रेंजर्स ने की है। इमरान खान 2 केसेस में जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे थे। इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने आरोप लगाया- खान को पीटा जा रहा है। पार्टी ने खून से लथपथ इमरान के वकील का वीडियो भी पोस्ट किया है।

इस्लामाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस आमेर फारूक ने गिरफ्तारी के बाद होम सेक्रेटरी और इस्लामाबाद के पुलिस चीफ को 15 मिनट के भीतर कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया। जस्टिस फारूक ने कहा- अगर पुलिस चीफ कोर्ट में पेश नहीं हुए तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को यहां बुलाएंगे। ये लोग कोर्ट में आएं और बताएं कि इमरान को किस मामले में और क्यों गिरफ्तार किया गया?

आईजी अकबर खान ने कहा कि अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम केस में इमरान को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान के अखबार ‘द डॉन’ के मुताबिक- अल कादिर ट्रस्ट घोटाला 50 अरब रुपए से ज्यादा का है और इसका फायदा सिर्फ इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने उठाया।

रविवार को एक रैली में इमरान ने खुफिया एजेंसी ISI की पॉलिटिकल विंग के चीफ फैसल नसीर पर बेहद संगीन आरोप लगाए थे। खान ने कहा था- फैसल मुझे कत्ल करना चाहते हैं। इसमें कुछ अफसर उनका साथ दे रहे हैं। फौज को मजबूरन सामने आकर इन आरोपों को खारिज करना पड़ा।

इसके बाद मंगलवार को लाहौर से इस्लामाबाद रवाना होने से पहले इमरान ने कार से एक वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें आरोप दोहराए। इसके करीब 4 घंटे बाद ही उन्हें अदालत से गिरफ्तार कर लिया गया। पाकिस्तान के अखबार द डॉन को एक चश्मदीद ने बताया- जैसे ही इमरान खान हाईकोर्ट में दाखिल हुए, वैसे ही पैरामिलिट्री फोर्स भी हाईकोर्ट में दाखिल हो गए। बख्तरबंद गाड़ियों से गेट ब्लॉक कर दिए गए। थोड़ी ही देर बाद इमरान को पकड़कर बाहर लाया गया।

इमरान की पार्टी PTI के नेता मुसर्रत चीमा ने एक वीडियो मैसेज में कहा- खान को टॉर्चर किया जा रहा है। वो खान साहब को मार रहे हैं। पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर इमरान के वकील का भी वीडियो शेयर किया गया है।

इमरान को अल कादिर ट्रस्ट केस में गिरफ्तार किया गया है। ये एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला है। इमरान ने बतौर प्रधानमंत्री इस यूनिवर्सिटी के लिए गैरकानूनी तौर पर अरबों रुपए की जमीन हासिल की। इस मामले का खुलासा पाकिस्तान की सबसे अमीर शख्सियत मलिक रियाज ने किया था। इमरान ने यह जमीन मलिक रियाज से ही ली थी।

रिजाय ने आरोप लगाया था कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाकर अरबों रुपए की जमीन अपने नाम करा ली। बाद में रियाज और उनकी बेटी की बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ था। इसमें रियाज की बेटी कहती हैं कि बुशरा बीबी लगातार उनसे पांच कैरेट के हीरे की अंगूठी मांग रही हैं। इस पर रियाज कहते हैं कि अगर वो हमारा काम कर देतीं है तो पांच कैरेट की अंगूठी दे दो।

खास बात यह है कि अल कादिर यूनिवर्सिटी में दो ही ट्रस्टी हैं। इमरान और उनकी पत्नी बुशरा। इस यूनिवर्सिटी में 6 साल में सिर्फ 32 स्टूडेंट्स के एडमिशन हुए। खान के ऊपर कुल मिलाकर 108 केस हैं। इनमें से 4 ऐसे हैं, जिनमें उनकी गिरफ्तारी तय है। यही वजह है कि खान इनमें से किसी भी मामले में अदालत के सामने पेश नहीं होते।

मंगलवार को सरकार और फौज ने उस केस में इमरान को गिरफ्तार किया, जिसके बारे में खान सोच भी नहीं सकते थे। अगर उन्हें जरा भी भनक होती तो वो पहले की तरह अदालत में पेश होने जाते ही नहीं। खान लाहौर में अपने जमान पार्क वाले घर से इस्लामाबाद आए थे। ये वही घर है, जहां दो महीने पहले पुलिस और रेंजर्स खान को गिरफ्तार करने पहुंचे थे और उन्हें जबरदस्त हमले का सामना करना पड़ा था। बाद में वो खाली हाथ वापस आ गए थे।