Skip to main content

4thnation

आभार कार्यक्रम : नवनियुक्ति जूनियर इंजीनियरों ने कहा ‘कका हे तो आस हे, न्याय के विश्वास हे, छत्तीसगढ़ के विकास हे‘

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने निवास कार्यालय परिसर में आयोजित आभार कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम जल संसाधन विभाग के लिए चयनित उप अभियंता और ऊर्जा विभाग में नवनियुक्त जूनियर इंजीनियर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों द्वारा बहुप्रतीक्षित नियुक्ति आदेश जारी होने पर आयोजित किया गया था। बता दें कि राज्य में शासकीय सेवाओं में भर्ती के लिए आरक्षण के मसले को लेकर चयन सूची एवं नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया: रुकी हुई थी। शीर्ष अदालत द्वारा 58 प्रतिशत आरक्षण को अनुमति प्रदान किए जाने के बाद भूपेश सरकार द्वारा इस पर त्वरित गति से काम प्रारंभ किया गया है।

कोर्ट का आदेश जारी होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार ऊर्जा विभाग और जलसंसाधन विभाग के चयनित उप अभियंताओं के नियुक्ति आदेश जारी किए गए और ऊर्जा विभाग के डेटा इंट्री ऑपरेटर के डॉक्यूमेंट का सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगें। कार्यक्रम में पूर्व सांसद नंद कुमार साय, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, ऊर्जा विभाग के सचिव अंकित आनन्द, जल संसाधन विभाग के सचिव अंबलगन पी. भी उपस्थित थे।

Picsart 23 05 08 20 09 51 802

जल संसाधन विभाग और ऊर्जा विभाग में नियुक्ति पाने से उत्साहित जूनियर इंजीनियरों ने आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का छत्तीसगढ़ी में आभार व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ पावर स्टेट कम्पनी में कनिष्ठ अभियंता के पद पर चयनित अभ्यर्थी समीक्षा सोनी ने ‘कका हे तो आस हे, न्याय के विश्वास हे, छत्तीसगढ़ के विकास हे‘ कविता के माध्यम से मुख्यमंत्री बघेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप के प्रयासों से छत्तीसगढ़ पावर कंपनी के माध्यम से हम सभी को रोजगार प्राप्त हुआ है।

रायपुर जिले के आयुष सिंह ने जल संसाधन विभाग में चयनित 352 सभी अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विगत वर्षों में इतनी अधिक संख्या में भर्ती नहीं हुई थी आपके प्रयासों से हमें रोजगार मिला । इसके साथ ही मैं अपने विभाग के अधिकारियों के प्रति भी आभार व्यक्त करता हूं कि उनके कारण हम आज मुख्यमंत्री निवास में आए और आप से मिलने का मौका मिला। प्रेरणा तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आपने हमें शासकीय सेवा करने का अवसर प्रदान किया इसके लिए हम सब आपके बहुत आभारी हैं। हम आपको यह विश्वास दिलाते हैं कि हम अपनी पूरी निष्ठा से शासन की सेवा करेंगे।