Skip to main content

4thnation

मुर्गा बनवाने के बाद महिला से किया गैंगरेप : पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को दबोचा

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जिले की तखतपुर पुलिस ने महिला के साथ गैंग रेप करने के आरोप में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़िता के पति के परिचित हैं और मुर्गा बनवाने के लिए उसके घर पहुंचे थे। जिसके बाद महिला के पति को शराब पिलाकर बेसुध किया और महिला को जंगल में ले जाकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया था।
टीआई एसआर साहू ने बताया कि तखतपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर गांव में रहने वाली 34 वर्षीय महिला अपने पति के साथ रहती हैं। महिला का पति रोजी-मजदूरी करता है। ग्राम गुनसरी निवासी रामकुमार बांदे (27 वर्ष), कॉलेज स्टूडेंट जितेंद्र कुमार मोहले (26 वर्ष) और एक 17 साल का नाबालिग उसके पति के परिचित के रिश्तेदार हैं।

रामकुमार और नाबालिग अपने रिश्तेदार के यहां बछड़ा खरीदने के लिए गए थे। इसी दौरान रविवार की रात दोनों मुर्गा लेकर महिला के घर पहुंच गए। उन्होंने पीड़िता को मुर्गा बनाने के लिए बोला। फिर शराब की बोतल खरीद कर ले आए और महिला के पति को इतनी शराब पिलाई कि वह अपने होश खो बैठा और सो गया।

इसके बाद रामकुमार और नाबालिग मिलकर महिला को रात में बाइक में बैठाकर कोटा क्षेत्र के जंगल की तरफ ले गए और उसके साथ रेप किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज स्टूडेंट जितेंद्र कुमार को भी बुला लिया और उसने भी महिला के साथ रेप किया। वारदात के बाद आरोपियों ने महिला को ग्राम गुनसरी के मोड़ पर लाकर छोड़ दिया। महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने पति को आपबीती बताई। फिर दोनों पति-पत्नी शिकायत लेकर थाना पहुंचे। गैंगरेप का मामला सामने आने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों की जानकारी जुटाई और केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया है।

पुलिस ने बताया कि महिला मूलत: कोटा क्षेत्र की रहने वाली है। महिला की शादी कोनी क्षेत्र में हुई थी और उसका चार साल का बेटा भी है। तीन साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। तब से वह मायके में रहने लगी थी। करीब एक माह पहले ही महिला ने चूड़ी पहन कर दूसरे युवक से शादी रचाई थी और उसके साथ ससुराल में रह रही थी।