Skip to main content

4thnation

बिहान महिलाओं की मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल जारी, आज रैली निकाल पहुंची कलेक्टोरेट

Picsart 23 04 05 18 33 43 109

कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। जिले में बिहान योजना अंतर्गत कार्यरत महिलाएं हड़ताल पर है। मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर महिलाएं बुधवार को सड़क पर उतर आईं और रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंची महिलाएं पांच दिन से हड़ताल पर हैं। मांगे पूरी नहीं होने पर मई माह में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। 

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना अंतर्गत विभिन्न कैडर में काम कर रहीं महिलाएं एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक राजीव पार्क में धरने पर बैठी थीं। ज्यादातर महिलाएं ग्रामीण अंचल में काम करती हैं। महिलाओं ने बताया कि कम वेतन मिलने के कारण दिक्कत हो रहीं है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी में बिहान समूह की महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान होता है। 

कबीरधाम जिले में इस योजना अंतर्गत करीब छह हजार महिलाएं काम करती है। मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन भी दिया गया। महिलाओं का कहना है कि फिर भी प्रशासन की ओर से कोई भी पहल नहीं की जा रही है। अब वे आंदोलन करने के लिए बाध्य हैं। राजीव पार्क में करीब 300 से अधिक महिलाएं उपस्थित थीं। महिलाएं रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंची।