Skip to main content

4thnation

झाड़-फूंक के नाम पर फिर लुटी एक महिला की अस्मत, आरोपी बैगा गिरफ्तार

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर एक 28 साल की महिला की अस्मत से खिलवाड़ किए जाने का एक और मामला सामने आया है। आरोपी बैगा ने झाड़-फूंक के बहाने महिला को अकेले बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी से घटना का जिक्र करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। विरोध करने पर उसने पीड़िता के साथ गालीगलौज भी की।

घटना 22 जनवरी की है, जब पीड़ित महिला अपना इलाज कराने आरोपी बैगा कोमल चतुर्वेदी (25 वर्ष) के घर भोलापुर गई थी। महिला काफी वक्त से बीमार चल रही थी। उसके हाथ-पैर और सीने में दर्द रहता था, जिसके लिए पिछले एक-दो सालों से वो बैगा के पास झाड़-फूंक करवाने के लिए जाती थी। 22 जनवरी को जब वो बैगा के पास गई, तो उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ जमकर गालीगलौज की। दुष्कर्म के बाद महिला को बैगा ने जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला ने बैगा की इस हरकत की अपने पति को जानकारी दी। इसके बाद पति-पत्नी दोनों छुरिया थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बैगा कोमल चतुर्वेदी को मंगलवार को उसके गांव भोलापुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।