अटल जी की प्रतिमा को लगाए जाने पर बवाल : सांसद की मौजूदगी में चले ताल-घूंसा, पुलिस ने स्थिति को लिया नियंत्रण में

Picsart 22 12 25 17 26 18 473

भिलाई (छत्तीसगढ़)। अटल जी की जयंती पर आज भिलाई के कैंप क्षेत्र में बवाल हो गया। भाजपा सांसद विजय बघेल की मौजूदगी में दो गुटों के बीच लात-घूंसे चल गए। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान हुए पथराव में सीएसपी आईपीएस प्रभात कुमार को पत्थर लगने की खबर है।
दरअसल प्रशासन से बिना अनुमति लिए भाजपा समर्थकों द्वारा यहां गार्डन में अटल जी प्रतिमा को स्थापित किए जाने के प्रयास से यह विवाद पैदा हुआ।

क्षेत्र के कांग्रेसी पार्षद मन्नान खान का के अनुसार यहां कांग्रेस विधायक के मद से गार्डन का विकास हुआ है। वो लोग यहां ओपन जिम बनाना चाहते थे, लेकिन भाजपा सांसद विजय बघेल औऱ जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने यहां अपने समर्थकों के साथ यहां अटल जयंती का कार्यक्रम रख लिया। इसके बाद वो लोग यहां अटल विहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास कर आयोजन को राजनीतिक रूप देने लगे। जिसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई। बीजेपी समर्थकों का कहना है कि ये जमीन बीएसपी की है। ऐसे में नामकरण करने से कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

विवाद की जानकारी मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुचा। छावनी सीएसपी प्रभात कुमार, भिलाई नगर सीएसपी निखिल रखेचा और क्राइम सीएसपी नसर सिद्दकी भी मौके पर थे। दोनों पक्षों को शांत कराया गया है और गार्डन में ही अस्थाई रूप से मूर्ति को स्थापित कर दिया गया है।

प्रशासन ने कहा है कि पहले इस मामले में कलेक्टर से अनुमति ली जाए। इसके बाद मूर्ति को स्थाई रूप से स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मौके पर कुछ जवानों को भी तैनात कर दिया गया है।