चिटफंड कंपनी के खिलाफ कार्रवाई : निर्मल छाया रियल स्टेट एण्ड अलाईड लिमिटेड के डायरेक्टर चढ़े पुलिस के हत्थे

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। कम समय में रकम दुगना-तिगुना करने का झांसा देकर निवेश करा कर लोगों की रकम हड़प किए जाने के मामले में दुर्ग पुलिस द्वारा एक और कार्रवाई की गई है। इस मामले में पुलिस ने निर्मल छाया रियल स्टेट एण्ड अलाईड लिमिटेड कंपनी के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार कर आज गुरुवार को जेल भेज दिया है। आरोपियों पर लुभावने आफर निवेशकों दिए जाने का भी आरोप है। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 420, छ.ग. निवेशको के हितो का संरक्षण अधि. 2005 की धारा 7 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है।

बता दें चिटफंड कंपनियों के माध्यम से निवेशकों की रकम हडपने वाले डायरेक्टरों के खिलाफ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ निवेशकों की डूबी रकम को वापस दिलाने इन कंपनियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है।

नेहरू नगर में संचालित निर्मल छाया रियल स्टेट एण्ड अलाईड लिमिटेड कंपनी द्वारा रकम पर अल्पावधि में अधिक ब्याज देने का झांसा देकर निवेशकों से रकम का निवेश कराने और समयावधि के बाद रकम वापस नहीं किए जाने की शिकायत सुपेला पुलिस में की गई थी। बुधवार को की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी डायरेक्टरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया था। इस मामले के आरोपी डायरेक्टर मध्यप्रदेश के मंडला निवासी प्रकाश चंद कुरवैती (40 वर्ष) तथा छत्तीसगढ़ के गुण्डरदेही निवासी प्रकाश निषाद (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इस कार्यवाही में सुपेला टीआई दुर्गेश शर्मा, एसआई प्रमोद श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल प्रहलाद बाजपेयी, कांस्टेबल विकास तिवारी, शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं महिला कांसो तोषी गोस्वामी का विशेष योगदान रहा।