4thnation

अधिक से अधिक मछुआ समिति गठित कर शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें : एमआर निषाद

अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्य्क्ष एमआर निषाद की अध्यक्षता में रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में मछुआ समिति एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर 5 मछुआ समितियों को जाल व 2 नग आईस बॉक्स दिया गया। मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष निषाद ने मछुआ समितियों की समस्या से अवगत होते हुए जिले में अधिक से अधिक मछुआ समिति गठित कर शासन की योजनाओें से लाभान्वित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

उन्होंने कहा कि मछुआ समितियों को मछलीपालन हेतु शासन से मिलने वाली अनुदान दिलवाएं। उप संचालक मछलीपालन एके महिष्वर ने जिले में संचालित योजनाओं तथा भौतिक प्रगति के बारे में जानकारी दी। बतौली विकासखण्ड के ग्राम घोघरा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि उनके जलाशय की मछलियां एक वर्ष में एक किलो तथा दो वर्ष में 2 से 3 किलो तक वृद्धि करती हैं। बैठक में विभिन्न मछुआ समितियो के सदस्य, सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मछलीपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।