छत्तीसगढ़ में जारी रहेगा बरसात का कहर, मौसम विभाग ने रायपुर-बिलासपुर संभाग के लिए जारी किया एलर्ट

रायपुर (छत्तीसगढ़)। प्रदेश में मानसूनी वर्षा का जोर जारी है। सरगुजा को छोड़कर अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बरसात हो रही है। सबसे तेज बरसात बिलासपुर संभाग के जिलों में हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने रायपुर और बिलासपुर संभाग के जिलों में अति भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसकी वजह से नदी-नालों में बाढ़ की संभावना भी बन रही है। वहीं मुंगेली में बारिश के कारण एक मकान की दिवार गिरने से महिला को मौत होने की खबर सामने आई है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग और उससे लगे जिलों में एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा और वज्रपात होने की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले 48 घंटों में रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, महासमुंद जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी हुआ है। कहा गया है कि इन जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग, धमतरी और उससे लगे जिलों में भी भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट है। इन जिलों में भारी बरसात की वजह से नदी-नालों में बाढ़, निचली बस्तियाें में जल जमाव और फसलों के डुूब जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन को आवश्यक तैयारी रखने और सतर्क रहने को कहा गया है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, मानसून द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर, नलिया, गुना, सतना, रांची, दीघा, और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी में बनने की संभावना है। इसके और अधिक प्रबल होने की सम्भावना बन रही है। इसकी वजह से मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी वर्षा का सिस्टम बना है।

Picsart 22 08 13 17 23 30 148

दीवार गिरी, महिला की मौत
मुंगेली में बरसात की वजह से एक मकान की दीवार गिर गई। इसमें दबकर एक महिला की मौत हो गई।तुलसाघाट इलाके में जुगन बाई कोशले (52) अपने परिवार के साथ एक कच्चे मकान में रहती थी। रोज की तरह वह शुक्रवार रात को भी अपने कमरे में सो रही थी। उसके साथ उसके 4 नाती-नातिन भी सो रहे थे। देर रात घर के अंदर की दीवार एक दम से महिला पर गिरी, जिससे वह दब गई और खाट पर ही उनकी मौत हो गई। बच्चे भी घायल हुए हैं।