मुख्यमंत्री ने ‘हमर तिरंगा अभियान‘ पर आधारित फिल्म का किया लोकार्पण, की घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘हमर तिरंगा अभियान‘ पर आधारित फिल्म का लोकार्पण किया। जनसम्पर्क विभाग द्वारा इस अभियान पर हिन्दी और छत्तीसगढ़ी भाषा में दो अलग-अलग फिल्म तैयार कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि 11 अगस्त से 17 अगस्त के मध्य मनाए जा रहे स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में हमर तिरंगा अभियान की शुरूआत की गई है। इस अभियान के दौरान राज्य के गांव-गांव, शहर-शहर, घरों, शासकीय कार्यालयों, संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है।

Picsart 22 08 12 19 28 28 209


मुख्यमंत्री ने कहा हमर तिरंगा अभियान के माध्यम से हम छत्तीसगढ़ के लोग उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं, जिनके बलिदानों और संघर्षाें से हमारा देश आजाद हुआ और हमें स्वतंत्रता मिली।

Picsart 22 08 12 19 27 36 833

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम छत्तीसगढ़ के लोग इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकजुटता पर भी अपने गर्व को व्यक्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रदेशवासियों से आव्हान किया कि इस अभियान के दौरान शासकीय, अशासकीय संस्थानों, दुकानों, इमारतों और घरों में राष्ट्रीय ध्वज अवश्य फहराएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, जनसम्पर्क विभाग के संचालक सौमिल रंजन चौबे उपस्थित थे।