Skip to main content

4thnation

लापता युवक का जला शव पाली के जंगल से बरामद, हत्या के संदेह में तीन आरोपी पुलिस हिरासत में

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। बिलासपुर में तीन दिन पहले घर से गायब हुए युवक की हत्या कर दिए जाने की जानकारी सामने आई है। हत्या का कारण अवैध संबंध को बताया जा रहा है। इसको लेकर गांव के ही एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रॉड से उसके सिर में हमला कर दिया। हत्या के बाद हमलावरों ने शव को कार से कोरबा लेकर गए और पाली के जंगल में उसके शरीर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मोबाइल के कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की, तब हत्या का राज खुला।

घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। ग्राम परसाही में रहने वाला महिंगल पटेल (36 साल) बीते 22 मार्च की शाम अपने घर में लगरा गांव जाने की बात कहकर निकला था। वह रात भर घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दूसरे दिन भी उसका कुछ पता नहीं चला। लेकिन, इस दौरान उसकी बाइक परिजन को सीपत थाना क्षेत्र के लगरा स्थित खारंग नदी के किनारे एनीकट के पास मिली। अनहोनी की आशंका से परिजन ने इस घटना की सूचना सरकंडा थाने में दी।
घर से निकले युवक के गायब होने की सूचना पर सरकंडा पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज किया। इसके बाद नगर सेना के आपदा प्रबंधन की टीम को बुलाया गया। गायब युवक की जानकारी जुटाकर उसकी तलाश करने के बजाए पुलिस एनीकट में गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करती रही।
लापता युवक की तलाश की जा रही थी। जांच में साइबर सेल की मदद ली गई और युवक के मोबाइल का कॉल डिटेल्स खंगाला गया। तब कुछ संदेहियों से उसकी बातचीत होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़कर पूछताछ शुरू की। तब तीन आरोपियों का नाम सामने आया। सख्ती से पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने महिंगल की हत्या कर दी है और लाश को कोरबा जिले के पाली में फेंक दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।