Skip to main content

4thnation

न्यायालय परिसर में अधिवक्ता से मारपीट, शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ किया जुर्म दर्ज

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। जिला के न्यायालय परिसर में आज दोपहर अधिवक्ता के साथ मारपीट की घटना हो गई। जिससे आक्रोशित अधिवक्ता दुर्ग कोतवाली पहुंच गए और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। चर्चा के अनुसार मारपीट करने वाली महिला मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है।

घटना बुधवार दोपहर की है। आरोपी महिला जनक नंदनी कौशिक (56 वर्ष) भिलाई सेक्टर 6 की पुत्री का पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद का मामला फैमली कोर्ट में विचाराधीन है। जिसमें अधिवक्ता हरेन्द्र उमरे द्वारा पैरवी की जा रही है। न्यायालय में प्रकरण के निराकरण में हो रहे विलंब को लेकर जनक नंदनी ने अधिवक्ता के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही पुत्री को भरण पोषण की राशि दिलाए जाने की मांग की गई। अधिवक्ता ने महिला को समझाइश देते हुए बताया गया कि कोरोना काल के कारण न्यायालयीन कार्य बाधित हुआ है और इसी कारण प्रकरण के निराकरण में विलंब हो रहा है। जिस पर महिला आक्रोशित हो गई और अधिवक्ता को थप्पड़ मार दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर अन्य अधिवक्ता भी उत्तेजित हो गए। अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर दुर्ग कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ 294, 506, 323 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।