Skip to main content

4thnation

नक्सली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, मारा गया 5 लाख का इनामी नक्सली

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मरकम को मार गिराया है, जिसकी हत्या समेत 25 आपराधिक मामलों मे तलाश थी।
जिला रिजर्व पुलिस के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिलों में अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिसकर्मियों औऱ नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे पोरडेम के एक घने जंगल में हुई। नक्सल रोधी अभियान के दौरान पुलिस दल पर नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और नक्सलियों को भागने के लिए मजबूर कर दिया। यह जंगल रायपुर से करीब 400 किलोमीटर दूर है। नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर घटनास्थल से भागने में तो सफल रहे। लेकिन उनका एक अहम सहयोगी मारा गया। मारे गए नक्सली की पहचान नक्सलियों की मलांगीर एरिया कमेटी के सदस्य संतोष मरकम के तौर पर हुई। उसके सिर पर 5 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित था। मारे गए नक्सली के खिलाफ अरनपुर थाने में करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। दंतेवाड़ा के एसपी अभिषेक पल्लव ने कहा कि इलाके की तलाशी के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने एक नक्सली की लाश मिली। उसके पास से एक पिस्टल और रोजमर्रा के कामकाज का सामान बरामद हुआ।