Skip to main content

4thnation

अब घर बैठे ही कर सकेंगे कोरोना की जांच, आईसीएमआर ने दी टेस्ट किट को मंजूरी

नई दिल्ली।  कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों को टेस्ट कराने में भी दिक्कत आ रही है, क्योंकि मरीज ज्यादा हैं और टेस्ट रिपोर्ट आने में कई बार कुछ दिनों का समय लग जाता है। ऐसे में आईसीएमआर ने एक ऐसी टेस्ट किट को मंजूरी दी है जिसकी सहायता से लोग घर पर ही कोरोना टेस्ट कर सकेंगे। आईसीएमआर ने रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए एक टेस्ट किट को मंजूरी दी है। इस किट के जरिये लोग घर में ही नाक के जरिए कोरोना जांच के लिए सैंपल ले सकेंगे। इसके लिए आईसीएमआर ने नई एडवाइजरी भी जारी की है।
जिसके अनुसार घर में भी लोग एंटीजन टेस्ट कर सकेंगे। होम टेस्टिंग सिर्फ सिम्प्टोमेटिक मरीजों के लिए है, साथ में जो लोग लैब में कन्फर्म केस के सीधे सपर्क में आए हों। होम टेस्टिंग कम्पनी के सुझाए मैन्युअल तौर तरीके से होगा। होम टेस्टिंग के लिए गूगल प्ले स्टोर और ऐपल स्टोर से मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। मोबाइल ऐप के ज़रिए पॉजिटिव और निगेटिव रिपोर्ट मिलेगी। जो लोग होम टेस्टिंग करेंगे उन्हें टेस्ट स्ट्र‍िप पिक्चर खींचना पड़ेगा और उसी फोन से तस्वीर लेनी होगी जिसपर मोबाइल ऐप डाउनलोड होगा। मोबाइल फोन का डाटा सीधे ICMR के टेस्टिंग पोर्टल पर स्टोर हो जाएगा। मरीज की गोपनीयता बरकरार रहेगी। इस टेस्ट के ज़रिए जिनकी पॉजिटिव रिपोर्ट आएगी उन्हें पॉजिटिव माना जायेगा और किसी टेस्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी। जो लोग पॉजिटिव होंगे उन्हें होम आइसोलेशन को लेकर ICMR और हेल्थ मिनिस्ट्री की गाइडलाइन को मानना होगा। लक्षण वाले जिन मरीजों का रिजल्ट निगेटिव आएगा उनको RTPCR करवाना होगा। सभी रैपिड एंटीजन निगेटिव सिम्प्टोमेटिक लोगों को सस्पेक्टेड कोविड केस माना जायेगा और जब तक RTPCR का रिजल्ट नहीं आ जाता तब तक उन्हें होम आईसोलेशन में रहना होगा। होम आइसोलेशन टेस्टिंग किट के लिए MY LAB DISCOVERY SOLUTION LTD पुणे की कंपनी को ऑथराइज किया गया है। इस किट का नाम COVISELF (Pathocatch) है। इस किट के जरिये लोगों को नेज़ल स्वैब लेना होगा।