ठगड़ा बांध ओव्हर ब्रिज लोकार्पित, पीडब्ल्यूडी मंत्री साहू ने कहा राज्य की सभी प्रमुख सड़कें होंगी डबल लेन

PicsArt 03 22 08.58.08

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। दल्ली राजहरा रेलवे क्रॉसिंग पर आज ठगड़ा बांध रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। इस मौके पर उन्होनें कहा कि रेलवे ओवरब्रिज के बनने से लोगों को अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में जिले में बड़े पैमाने पर विकास के कार्य किए जा रहे हैं। अभी दुर्ग शहर के भीतर ही इतने बड़े पैमाने पर विकास के कार्य हो रहे हैं कि कोई 2 साल बाद यदि दुर्ग आए तो उसे अपने पुराने शहर को पहचानना मुश्किल हो जाएगा।
मंत्री ने कहा कि दुर्ग में प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। गुरुद्वारा चौक, वाय शेप ब्रिज, मालवीय चौक मिनीमाता चौक आदि का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हो रहा है। इसके साथ ही आंतरिक सड़कों को भी विकसित करने के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अंडर ब्रिज या पुल की जरूरत है वहां इसे उपलब्ध कराया जा रहा है। रसमड़ा में अंडर ब्रिज स्वीकृत किया गया है। नगपुरा के लिए डायरेक्ट अप्रोच तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर के विकास के लिए किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम को विधायक अरुण वोरा ने भी संबोधित किया। लोकार्पण के अवसर पर महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक प्रतिमा चन्द्राकर एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

PicsArt 03 22 09.03.25

भाजयुमो ने किया प्रदर्शन
लोकार्पण अवसर एक बार फिर श्रेय की राजनीति को लेकर घमासान देखने को मिला। भाजयुमों कार्यकर्ता ओव्हर ब्रिज के निर्माण का श्रेय अपनी नेता को देते नजर आए। विरोध स्वरूप उन्होंने मौके पर प्रदर्शन करने का प्रयास भी किया गया। इस प्रयास को मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सख्ती से विफल कर दिया। इस मामले में 41 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।