Skip to main content

4thnation

आज रात से फास्टैग अनिवार्य, नहीं लगाने वालों पर लग सकता है दुगना जुर्माना

नई दिल्ली। देशभर के टोल प्लाजा पर ऑटोमेटिक पेमेंट सिस्टम (फास्टैग) रात 12 बजे से अनिवार्य हो जाएगा। केंद्र सरकार ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी। जिन लोगों ने अब तक अपने वाहनों पर इसे नहीं लगाया है या जिनके वाहनों पर ये टैग लगा तो है, लेकिन काम नहीं कर रहा, ऐसे लोगों को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। जुर्माने के रूप में ग्राहकों को अपने वाहन की कैटेगरी के हिसाब से लगने वाले शुल्क की दोगुना रकम देनी पड़ सकती है।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि फास्टैग के कार्यान्वयन की समय सीमा को आगे नहीं बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वाहन मालिकों को तुरंत इस ई-भुगतान सुविधा को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कहा कि सरकार ने फास्टैग पंजीकरण की समयसीमा को दो-तीन बार बढ़ाया है और अब इसे आगे नहीं बढ़ाया जायेगा। अब हर किसी को तुरंत फास्टैग खरीदना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ मार्गों पर फास्टैग का पंजीकरण 90 प्रतिशत हो गया है और केवल 10 प्रतिशत लोग ही बचे हैं। टोल नाकों पर भी फास्टैग उपलब्ध है और लोगों को इसका इस्तेमाल सहज यातायात के लिये करना चाहिए।
बता दें कि फास्टैग टोल प्लाजाओं पर शुल्क के इलेक्ट्रॉनिक भुगतान की सुविधा प्रदान करता है। इसे 2016 में पेश किया गया था। टैग अनिवार्य बनाने से यह सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी कि वाहनों को टोल प्लाजा के माध्यम से बिना रुके गुजरने की सुविधा दी जाए।