Skip to main content

4thnation

शहर की जनता को अंधेरे से निजात दिलाने की दिशा में पहल, विधायक वोरा ने दी 28 लाख की स्वीकृति

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने दुर्ग शहरी क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था के लिए और 28 लाख रु की लागत से लाइट लगाने की स्वीकृति दी है। राजीव सेतु से करहीडीह तक अंधेरी सड़क को रौशन करने 20 लाख की लागत से ट्यूबलर पोल लगाए जाने की अनुमति दी है। वहीं ठगड़ा बांध क्षेत्र में 10 लाख, शक्ति नगर में 3 लाख के साथ नया एवं पुराना बस स्टैंड में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा एलआईजी मैदान में 5 लाख की फ्लड लाइट्स, महाराजा चौक एवं अग्रसेन चौक में हाई मास्ट लाइट लगाया जाएगा। जिला अस्पताल एवं शीतला मंदिर परिसर में विद्युत व्यवस्था करने के बाद इसी कड़ी में विधायक वोरा ने चंडी मंदिर एवं कुशाभाऊ ठाकरे भवन के पास हाईमास्ट लाइट हेतु 7.7 लाख, विवेकानंद भवन के पीछे उद्यान में प्रकाश व्यवस्था हेतु 4 लाख की स्वीकृति विधायक ने दी है। सिवलि लाइन के मैदान को हॉकी खिलाडिय़ों के लिए सुविधा उपलब्ध कराने फ्लड लाइट्स लगाने के लिए 10 लाख की स्वीकृति दी है। बता दें कि वोरा के ही प्रयासों से वर्षों से उपेक्षित रहे सिविल लाइन मैदान का हॉकी ग्राउंड के रूप में कायाकल्प हो रहा है उनके निर्देश के बाद 70 वर्षों से मैदान के बीच स्थित विद्युत पोल की भी शिफ्टिंग कर दी गई है।
विधायक वोरा ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य होने आवश्यक हैं। लोगों को अंधेरे से निजात दिलाने जगहों को चिन्हांकित कर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। सड़कें रौशन होने से लोगों को ना सिर्फ भयमुक्त वातावरण मिलेगा बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। साथ ही मैदान में लाइट लगने से शहर की खेल प्रतिभाओं को इसका लाभ मिलेगा।